Follow Us:

इंदिरा आवास कालोनी व लोअर भियूली के विस्थापितों को तुरंत दिए जाएंगे गैस सिलैंडर व चूल्हे: चंद्रशेखर

डेस्क |

मंडी जिले के एक मात्र कांग्रेसी विधायक चंद्रशेखर ने बुधवार को मंडी के एक एक बाढ़ प्रभावित तक पहुंच कर उनकी व्यथा को सुना और उन्हें सरकार, प्रशासन व अन्य किसी भी माध्यम से अधिक से अधिक राहत पहुंचाने की बात मौके पर ही कही।

दौरे के दौरान उनके साथ, एसडीएम मंडी सदर ओम कांत ठाकुर, नगर निगम मंडी के आयुक्त एच एस राणा, पार्षद राजेंद्र मोहन, अलकनंदा हांडा, योग राज योगा, जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शशि शर्मा, जिमखाना क्लब के अध्यक्ष विकास कपूर, मंडी शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल सेन, पुष्प राज शर्मा समेत नगर निगम कई अधिकारी भी रहे।

दौरा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि रिलिफ मैन्युल में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जो बढ़ौतरी की है, 10 हजार से एक लाख तक की राशि बढ़ाई है उसका मौके पर क्रांतिकारी प्रभाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि ऐसी आपदा शायद इससे पहले कई दशक पहले आई होगी मगर अब तक काफी कम राशि मैन्युल के मुताबिक प्रभावितों को मिलती थी।

मुख्यमंत्री की दरियादिली की सब प्रशंसा कर रहे हैं। धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि इंदिरा आवास कालोनी के 9 परिवारों, रघुनाथ का पधर की कुष्ठ रोगी कालोनी के 19 और लोअर भियूली के सभी प्रभावित परिवारों जिनकी घर सभी सामान के साथ बह गए हैं उन्हें तत्काल रसोई गैस के सिलैंडर व चूल्हे मुहैश करवाने के आदेश प्रशासन को दिए गए हैं।

इसके अलावा बिंदरावणी शिल्हाकीपड़ में हिमाचल दर्शन फोटो गैलरी के साथ सात आठ परिवारों को बड़ा नुकसान हुआ है। उन्हें भी तत्काल राहत प्रदान की जा रही है। खलियार में केंद्रीय विद्यालय के पास व सौली खड्ड में हुए नुकसान का भी जायजा ले लिया गया है। एक एक व्यक्ति तक राहत पहुंचाई जाएगी। बच्चों की किताबें बह गई हैं,

कपड़े नहीं हैं, मगर अब धीरे धीरे हालात सामान्य हो रहे हैं और सरकार व प्रशासन इनके साथ खड़ा है, सब को मदद दी जा रही है। चंद्रशेखर ने कहा कि यह आपदा मानव जनित भी है। प्रकृति के खिलाफ विकास किया गया है। एनएचएआई की इसमें बड़ी भूमिका है।

फ्लड जोन में ही निर्माण किया जा रहा है। इनकी मनमानी कहीं न कहीं भारी पड़ी है। गलत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी मगर अभी तो समय लोगों को राहत पहुंचाने का है। जल्द ही वह तथ्यों के साथ एनएचएआई की कारगुजारी का खुलासा करेंगे।