Follow Us:

Himachal: भगवान रघुनाथ की भव्य शोभायात्रा के साथ आज शुरू होगा दशहरा

|

International Kullu Dussehra: जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर मैदान में आज से अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव का शुभारंभ होगा। आज भगवान रघुनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सैकड़ों देवी-देवता शामिल होंगे। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला द्वारा इस उत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

दोपहर बाद भगवान रघुनाथ की रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। सभी देवी-देवता ढालपुर मैदान पहुंच चुके हैं और भगवान रघुनाथ के दर्शन कर रहे हैं। भगवान रघुनाथ पालकी में सवार होकर दोपहर 2:00 बजे ढालपुर आएंगे, और करीब 4:00 बजे उनकी रथ यात्रा प्रारंभ होगी। प्रशासन ने इस आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में सुरक्षा के लिए 1400 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए हैं, और कुल्लू पुलिस ने उत्सव को विभिन्न सेक्टरों में बांटा है। इस साल भी धूमधाम के साथ उत्सव मनाने की योजना है, जिसमें देवी-देवताओं के अस्थाई शिविर सज गए हैं और व्यापारी अपनी दुकानों के साथ तैयार हैं।

दशहरा उत्सव का समापन 19 अक्टूबर को होगा, जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस दौरान रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।