Follow Us:

Himachal: अक्टूबर में सूखे जैसे हालात, 95% कम बारिश दर्ज

|

Rainfall Deficit 2024: मानसून की विदाई के बाद हिमाचल प्रदेश में अक्टूबर के पहले 13 दिनों में सूखे जैसे हालात पैदा हो गए हैं। राज्य में 1 से 13 अक्टूबर के बीच सामान्य से 95 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में जहां औसतन 12.9 मिलीमीटर बारिश होती है, इस बार मात्र 0.7 मिलीमीटर ही बारिश हुई है। प्रदेश के 12 जिलों में से 7 जिलों में एक भी बूंद बारिश नहीं हुई, जबकि 3 जिलों में 95 प्रतिशत से भी कम बारिश दर्ज की गई है। आने वाले 5 दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे प्रदेश में ठंड की दस्तक में भी देरी हो सकती है।

बारिश की स्थिति और तापमान


ऊना में 8.6 मिलीमीटर, मंडी में 3.7 मिलीमीटर, और कांगड़ा में 1 मिलीमीटर बारिश हुई है। लगातार धूप खिलने के कारण प्रदेश का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा चल रहा है।

केलांग में सामान्य तापमान की तुलना में 8.8 डिग्री का उछाल देखा गया है, और वहां का तापमान अब 19.8 डिग्री सेल्सियस है। प्रदेश के कई अन्य शहरों में तापमान 30 डिग्री से ऊपर चल रहा है, जिसमें ऊना का तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।

19 अक्टूबर को बर्फबारी के आसार


मौसम विभाग के अनुसार, 18 अक्टूबर तक मौसम साफ रहेगा। हालांकि, 19 अक्टूबर को ऊंचे पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। लाहौल स्पीति, चंबा, किन्नौर और कांगड़ा की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात होने की संभावना जताई गई है।