Vijay Nagar public issues: ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कुसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के विजय नगर में लोगों की जनसमस्याएं सुनी। इस दौरान उन्होंने विजय नगर में एम्बुलेंस रोड बनाने के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, पार्किंग निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार होते ही धन राशि का प्रबंध करवाने की बात की, ताकि स्थानीय लोगों को पार्किंग की सुविधा मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि विजय नगर में अधूरे पड़े पैदल रास्तों का शीघ्र निर्माण किया जाए, ताकि लोगों को बेहतर चलने की सुविधा मिल सके।
नरोतम विहार सहकारी सभा के प्रधान जगत राम गांगटा ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार रितेश कपरेट, कांग्रेस महिला मोर्चा की सचिव शशि ठाकुर, विकास नगर की काउंसलर रचना भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।



