Halara event Shimla: करसोग स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश द्वारा शिमला में वार्षिक समारोह ‘हालरा: शान-ए-सुकेत’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) के अध्यक्ष आर.एस. बाली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को जीवन में मेहनत, समर्पण और सकारात्मक सोच को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल को प्रदर्शित करने का एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करते हैं।
समारोह के दौरान हिमाचल के सुप्रसिद्ध गायक कुलदीप शर्मा ने अपनी शानदार प्रस्तुति दी, जबकि छात्रों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम की विभिन्न प्रस्तुतियों ने हिमाचली संस्कृति और परंपराओं को जीवंत कर दिया।
मुख्य अतिथि आर.एस. बाली ने अपनी ऐच्छिक निधि से करसोग एसोसिएशन को 1.50 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने एसोसिएशन की गतिविधियों की सराहना करते हुए युवाओं को इस प्रकार के आयोजनों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
करसोग एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजिंदर ठाकुर ने मुख्य अतिथि और उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए एसोसिएशन की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर कांगड़ा के पूर्व विधायक चौधरी सुरेंद्र काकू, चुराह से कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना, हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव विनय हेट्टा, और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



