Follow Us:

फरवरी में शुरू होगी पुलिस कांस्टेबल भर्ती

Himachal police recruitment 2025. हिमाचल प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल भर्ती का इंतजार जल्द समाप्त होने वाला है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने फरवरी माह के पहले या दूसरे सप्ताह से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। यह पहली बार है जब प्रदेश सरकार लोक सेवा आयोग के माध्यम से पुलिस कांस्टेबल की भर्ती परीक्षा आयोजित करने जा रही है।

इसके अलावा, इस बार सरकार ने बड़ा निर्णय लेते हुए डिस्ट्रिक्ट वाइज पदों के विभाजन के बजाय प्रदेश स्तर पर 1088 पदों की सीधी भर्ती का फैसला लिया है। इससे किसी भी जिले से योग्य युवक-युवतियां भर्ती होकर पुलिस में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इस निर्णय से कुछ जिलों को कम प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, जो इन दिनों कांगड़ा के शीतकालीन प्रवास पर हैं, ने कांगड़ा जिला को करोड़ों की सौगातें दी हैं। इसके साथ ही उन्होंने जल्द ही रोजगार के अवसर शुरू करने का आश्वासन भी दिया है।

जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी तक पुलिस भर्ती प्रक्रिया शुरू हो सकती है। धर्मशाला में सीएम सुक्खू ने इस बात के संकेत दिए हैं। वहीं, पुलिस भर्ती को लेकर युवाओं में भारी उत्साह है। लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे युवा अब पूरी तैयारी में जुट गए हैं। धर्मशाला के मैदानों में सुबह-शाम युवा शारीरिक परीक्षा की तैयारी करते हुए देखे जा सकते हैं।

पुलिस विभाग ने इस भर्ती के लिए 1088 पदों की योजना बनाई है। इसके तहत शारीरिक परीक्षा और अन्य चयन प्रक्रियाएं अगले महीने से शुरू हो जाएंगी। प्रदेशभर से कुल 1,27,770 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिससे इस भर्ती प्रक्रिया में प्रतिस्पर्धा काफी कड़ी रहने की संभावना है।