Follow Us:

हिमाचल कैबिनेट के अहम फैसले: बजट सत्र 10 से 28 मार्च तक, 713 पेंडिंग भर्तियों को मंजूरी

Himachal Cabinet  : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में गुरुवार को हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक हुई, जिसमें राज्य के विभिन्न मुद्दों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस बैठक में बजट सत्र की तिथियों को तय करने के साथ-साथ भर्ती परीक्षाओं, पुलिस सुधार, महिला कर्मचारियों के कल्याण और प्रशासनिक फैसलों पर भी मुहर लगाई गई।

बजट सत्र 10 से 28 मार्च तक, 17 मार्च को पेश होगा सुक्खू सरकार का तीसरा बजट


कैबिनेट ने फैसला किया कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 10 मार्च से 28 मार्च तक चलेगा। इस दौरान 15 बैठकें आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने कार्यकाल का तीसरा बजट 17 मार्च को पेश करेंगे। इस बजट में सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और राज्य की वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए नई घोषणाएं कर सकती है।

भर्ती परीक्षाओं में राहत, 713 पदों के रिजल्ट जारी करने की मंजूरी


हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से पेंडिंग भर्ती परीक्षाओं को लेकर उम्मीदवारों की चिंता को दूर करते हुए कैबिनेट ने 7 पेंडिंग पोस्ट कोड के कुल 713 पदों के रिजल्ट जारी करने को मंजूरी दे दी है। ये वे भर्ती परीक्षाएं हैं, जिनके परिणाम विभिन्न कारणों से रुके हुए थे। जिन पोस्ट कोड 970, 962, 916, 977, 980, 971 और 928 के तहत भर्तियां होनी हैं, उनके रिजल्ट अब जल्द ही घोषित किए जाएंगे।

महिला कर्मचारियों के लिए विशेष मातृत्व अवकाश


कैबिनेट ने सरकारी महिला कर्मचारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब यदि किसी महिला कर्मचारी के प्रसव के दौरान बच्चे की मृत्यु हो जाती है या जन्म देने के बाद शिशु की मृत्यु होती है, तो उसे 60 दिनों का विशेष मातृत्व अवकाश दिया जाएगा। यह निर्णय महिला कर्मचारियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

पुलिस सुधार: 135 थानों का पुनर्गठन, संजौली को थाना का दर्जा


कैबिनेट बैठक में प्रदेश के पुलिस सुधारों को लेकर भी अहम फैसला लिया गया।

  • प्रदेश के 135 थानों को जनसंख्या, क्षेत्रफल, अपराध दर, यातायात दबाव, अंतरराज्यीय सीमाओं और पर्यटक आवागमन के आधार पर छह श्रेणियों में बांटा जाएगा। इससे पुलिस बल के संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जा सकेगा।
  • संजौली पुलिस चौकी को थाना का दर्जा देने का फैसला किया गया है। इसके लिए 20 नए पदों को भरने की मंजूरी भी दी गई है।
  • इसके अलावा, 13 तहसीलदारों के पदों को भी भरने की स्वीकृति दी गई है।

हिमाचल कांग्रेस की नई प्रभारी सांसद रजनी पाटिल को कैबिनेट की ओर से बधाई दी गई और उम्मीद जताई गई कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी प्रदेश में और मजबूत होगी। सरकार ने राज्य प्रशासनिक सुधारों को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की और उनकी समीक्षा की।