Western Disturbance Himachal: हिमाचल प्रदेश में 19 फरवरी की रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसका प्रभाव 21 फरवरी की सुबह तक रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, इस दौरान प्रदेश के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक शोभित कटियार ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पूरे हिमाचल प्रदेश में रहेगा। हमीरपुर, बिलासपुर, धर्मशाला और चंबा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि शिमला, सिरमौर, लाहौल-स्पीति और ऊंचाई वाले अन्य क्षेत्रों में रुक-रुक कर बर्फबारी हो सकती है।
तापमान में गिरावट की संभावना
इस मौसम परिवर्तन के कारण प्रदेश में दिन के तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। फरवरी माह में अब तक सामान्य से 80% कम वर्षा और बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे सूखे जैसी स्थिति बनी हुई थी। मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि आगामी बारिश और बर्फबारी से प्रदेश में जल संकट की स्थिति में कुछ सुधार आ सकता है।