Follow Us:

भारी बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान, चंबा-कांगड़ा-लाहौल में ऑरेंज अलर्ट

Himachal Weather Alert: हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में आज सुबह से मौसम खराब हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। चंबा, कांगड़ा और लाहौल-स्पीति जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 70 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हो सकती है। वहीं, किन्नौर को छोड़कर अन्य सात जिलों में येलो अलर्ट का पूर्वानुमान है, जहां 70 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना है।

अगले दो दिनों का मौसम पूर्वानुमान
IMD के अनुसार, 4 मार्च को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा। 5 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) कमजोर पड़ने लगेगा, जिससे अगले तीन-चार दिनों तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की उम्मीद है।

हिमखंड गिरने की चेतावनी
लाहौल-स्पीति प्रशासन ने हिमखंड (ग्लेशियर) गिरने को लेकर चेतावनी जारी की है। बीते 25 फरवरी से 1 मार्च के बीच जिले में भारी हिमपात हुआ, जिससे कई स्थानों पर 6 फीट तक बर्फ जम गई है। इस कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमखंड गिरने का खतरा बढ़ गया है। बीते दो दिनों में चंबा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में 8 हिमखंड गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।

बीते दिन ग्यू आईटीबीपी चौकी समेत चार स्थानों पर हिमखंड गिरा, जबकि अटल टनल के साउथ पोर्टल पर भी शुक्रवार रात को ग्लेशियर गिरने की घटना दर्ज की गई।

223 सड़कें और 800 ट्रांसफार्मर ठप
प्रदेश में बीते दिनों की बर्फबारी के बाद 223 सड़कें और 800 ट्रांसफार्मर अभी भी बंद पड़े हैं। इनमें ज्यादातर कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिले में हैं। प्रशासन इन्हें बहाल करने में जुटा है, लेकिन ताजा बारिश और बर्फबारी से राहत कार्य प्रभावित हो सकता है।