हिमाचल पहुंचे जेपी नड्डा, अध्यक्ष पद के लिए कई नामों पर खींचतान

|

JP Nadda Himachal Visit 2025: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा आज दोपहर बाद अपने गृह जिले बिलासपुर पहुंचे।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद यह उनका पहला हिमाचल दौरा था, जिसके चलते पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर हिमाचल भाजपा द्वारा अभिनंदन समारोह भी आयोजित किया गया।

जेपी नड्डा ने बिलासपुर के जाबली स्थित बिरोजा फैक्ट्री के समीप रघुनाथपुरा में पार्टी कार्यालय ‘दीप कमल भवन’ का शिलान्यास किया। इस भवन के निर्माण से हिमाचल में भाजपा संगठन को मजबूती मिलेगी। इस दौरान, प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता, कार्यकर्ता और भाजपा अध्यक्ष पद के दावेदार भी उपस्थित रहे।

हिमाचल भाजपा अध्यक्ष पद को लेकर सियासी चर्चा गरम


जेपी नड्डा अगले एक-दो दिन हिमाचल में रह सकते हैं और इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद को लेकर वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर सकते हैं। प्रदेश भाजपा को 15 दिसंबर तक नए अध्यक्ष का चुनाव करना था, लेकिन दावेदारों की संख्या अधिक होने और गुटबाजी के चलते यह प्रक्रिया लटक गई है।

जयराम खेमा राजीव भारद्वाज-सिकंदर की पैरवी कर रहा


इसकी बड़ी वजह गुटबाजी मानी जा रही है। चर्चा है कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर गुट नहीं चाहता है कि राजीव बिंदल दोबारा अध्यक्ष बने। सूत्र बताते हैं कि जयराम ठाकुर राजीव भारद्वाज और डॉ. सिकंदर कुमार का नाम अध्यक्ष के लिए आगे कर रहे हैं।

वहीं दूसरा धड़ा राजीव बिंदल को अध्यक्ष बनाकर जयराम को कमजोर करना चाहता है। हालांकि राजीव बिंदल, राजीव भारद्वाज और सिकंदर के अलावा भी त्रिलोक कपूर, इंदू गोस्वामी, बिक्रम ठाकुर, विपिन सिंह परमार और सत्तपाल सत्ती को भी अध्यक्ष पद का दावेदार माना जा रहा है। पार्टी किसे अध्यक्ष बनाती है यह हाईकमान पर निर्भर करेगा।