“कांग्रेस राम भरोसे चल रही”, हिमाचल में विकास नहीं, विनाश की राजनीति : नड्डा

|

  • भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
  • कांग्रेस मानसिक दिवालियापन के दौर से गुजर रही है, पार्टी केवल परिवार तक सीमित।
  • आपदा के समय कांग्रेस के बड़े नेता नहीं आए, जबकि भाजपा नेतृत्व ने जनता के बीच रहकर मदद की।

    JP Nadda Congress Criticism: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मानसिक दिवालियापन के दौर से गुजर रही है और अब यह केवल भाई, बहन और माता की पार्टी बनकर रह गई है।

नड्डा ने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या वह महात्मा गांधी, सरदार पटेल और सुभाष चंद्र बोस के विचारों पर चल पाई? इस पर सभा में मौजूद लोगों ने जोरदार “नहीं” कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने हिमाचल के लिए सड़क और मकानों के लिए पैसा भेजा, लेकिन कांग्रेस सरकार ने उसे वेतन और पेंशन बांटने में खर्च कर दिया।

आपदा के समय कांग्रेस के बड़े नेता कहां थे?


जेपी नड्डा ने सवाल उठाया कि आपदा के समय कांग्रेस का कोई बड़ा नेता हिमाचल क्यों नहीं आया? उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता हिमाचल घूमने आते हैं, लेकिन जब जनता संकट में थी, तब कोई हालचाल तक पूछने नहीं आया। इसके विपरीत भाजपा नेताओं—अनुराग ठाकुर, जयराम ठाकुर और स्वयं उन्होंने—तीन-तीन बार हिमाचल का दौरा किया और केंद्र से आर्थिक मदद दिलाई।

“आंखें ठीक कर सकता हूं, पर रोशनी नहीं दे सकता”


नड्डा ने कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि “कांग्रेस के नेता अनपढ़ के अनपढ़ ही हैं। मैं स्वास्थ्य मंत्री हूं, आंखें ठीक कर सकता हूं, पर रोशनी नहीं दे सकता।” उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस को कुछ दिखता नहीं है, तो इसमें भाजपा की क्या गलती है?

केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं


नड्डा ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि राफेल जेट, बुलेटप्रूफ जैकेट, 70,000 करोड़ का एक्सपोर्ट, मेड इन इंडिया, और ऑटोमोबाइल सेक्टर में भारत की प्रगति से देश आत्मनिर्भर बन रहा है।

हिमाचल के विकास कार्यों को गिनाते हुए उन्होंने एम्स, पीजीआई सैटलाइट सेंटर, चार मेडिकल कॉलेज, मदर एंड चाइल्ड अस्पताल, कैंसर सेंटर और सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक जैसी परियोजनाओं का उल्लेख किया।

“वर्तमान कांग्रेस सरकार राम भरोसे चल रही है”

नड्डा ने कांग्रेस सरकार की कार्यशैली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हिमाचल सरकार राम भरोसे चल रही है। उन्होंने तंज किया कि “यहां कभी मुर्गे पर जांच होती है, तो कभी समोसे पर।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल “विनाश की कहानी” लिख सकती है, जबकि भाजपा हमेशा “विकास की कहानी” लिखती है।

भाजपा की वैचारिक मजबूती पर जोर


नड्डा ने कहा कि भाजपा केवल एक पार्टी नहीं, बल्कि वैचारिक आंदोलन है। उन्होंने बताया कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कांग्रेस छोड़कर जनसंघ बनाया, जिसने धारा 370 हटाने का संकल्प लिया और 2019 में भाजपा सरकार ने इसे खत्म कर दिया।

उन्होंने राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि 1989 में पालमपुर अधिवेशन में भाजपा ने राम मंदिर का संकल्प लिया था और 2024 में भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हुआ।

राष्ट्रपति भवन अब जनता के लिए है


नड्डा ने कहा कि पहले राष्ट्रपति भवन कुछ खास लोगों के लिए था, लेकिन अब वहां “भारत बसता है”। उन्होंने बिलासपुर के पद्मश्री विजेता हरीमन भाई को सम्मानित किया और कहा कि अब पद्मश्री जनता चुनती है, न कि सरकार।