Video: शिमला में में बरसे रंग, सुक्खू-जयराम ने डाली नाटी

|

Himachal Holi Celebration: होली का रंग और उत्साह शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में पूरे जोश के साथ नजर आया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने सरकारी आवास ओकओवर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता संग होली मनाई।

इस दौरान उन्होंने पारंपरिक लोक संगीत की धुनों पर नृत्य भी किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक संजय अवस्थी और कमलेश ठाकुर भी मौजूद रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया और अन्य नेताओं के साथ राजभवन पहुंचे, जहां उन्होंने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

उधर, भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने समर्थकों संग होली खेली और पारंपरिक नाटी डाली। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ संकल्प लेने की अपील की।

वहीं, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं संग होली मनाई। राजधानी शिमला से लेकर किन्नौर, बिलासपुर और नाहन तक होली का उल्लास देखने को मिला। बिलासपुर में होली फेस्ट के दौरान हिमाचली लोक गायक अरुण जस्टा ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को और रंगीन बना दिया।

 

किन्नौर की सांगला घाटी में तीन दिवसीय होली उत्सव का समापन हुआ, जिसमें देवता श्री बेरिंग नाग की सानिध्यता में पारंपरिक होली मनाई गई।