Follow Us:

कांगड़ा: महिला नशा तस्कर को 10 साल की सजा, परिवार पर 22 केस

  • हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में महिला नशा तस्कर दलवीरो को 10 वर्ष का कठोर कारावास

  • दलवीरो के परिवार के अन्य सदस्यों पर भी एनडीपीएस एक्ट के तहत 22 मामले दर्ज

  • 2017 में घर से 6.50 ग्राम चिट्टा और नकदी बरामद, कई मामले अभी विचाराधीन


Kangra drug trafficking: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ है। न्यायालय ने 1 अप्रैल को छन्नी क्षेत्र की दलवीरो नामक महिला को एनडीपीएस एक्ट के तहत दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। महिला के घर से पुलिस ने 30 मई 2017 को 6.50 ग्राम चिट्टा और 3,500 रुपये नकद बरामद किए थे। इसके खिलाफ पहले से ही मादक द्रव्य अधिनियम के तहत पांच मामले दर्ज थे, जो अभी न्यायालय में लंबित हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दलवीरो का पूरा परिवार नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है। उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ कुल 22 मामले दर्ज हैं। इनमें बेटा मिथुन सबसे आगे है, जिस पर 14 मामले दर्ज हैं। मिथुन की पत्नी पर दो, दूसरे बेटे गोविंदा पर तीन, पति अजय कुमार और दोनों बेटियों पर एक-एक मामला दर्ज है।

प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नशे के खिलाफ कार्रवाई को तेज कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कांगड़ा सहित पूरे प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।