-
चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में हल्की बारिश और तेज तूफान का यलो अलर्ट
-
ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और सिरमौर में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के पार, गर्मी बढ़ने के आसार
-
23 और 24 मई को सक्रिय रहेगा वेस्टर्न डिस्टरबेंस, व्यापक वर्षा की संभावना
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में आज का दिन मौसम के लिहाज से मिला-जुला रहने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के पांच जिलों — चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला — में हल्की बारिश और 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं दूसरी ओर, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और सिरमौर जैसे मैदानी जिलों में मौसम साफ रहेगा, जिससे इन इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी होगी। बिलासपुर में 39.3 डिग्री और ऊना में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। अगले 72 घंटों में मैदानी क्षेत्रों में गर्मी और बढ़ने के आसार हैं।
IMD के अनुसार, 22 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा, हालांकि कहीं-कहीं हल्की फुहारें पड़ सकती हैं। लेकिन 23 और 24 मई को वेस्टर्न डिस्टरबेंस के ज्यादा सक्रिय होने की संभावना है, जिससे राज्यभर में बारिश और तूफान का सिलसिला शुरू हो सकता है।
बीते 24 घंटों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा दर्ज की गई। मंडी में 16.4 मिमी, जोत में 15.8 मिमी, कुकुमसैरी में 13.2 मिमी सहित कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। इससे पहाड़ी इलाकों में नमी और ठंडक का एहसास, जबकि मैदानी जिलों में गर्मी की स्थिति बनी हुई है।



