-
29 मई को दर्ज शिकायत के आधार पर संसारपुर टैरस पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की
-
मोबाइल लोकेशन व ह्यूमन इंटेलिजेंस के माध्यम से दो आरोपियों को हिरासत में लिया
-
आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद, कुल कीमत लगभग ₹24,000
जसवां प्रागपुर (कांगड़ा) क्षेत्र के संसारपुर टैरस थाना में दर्ज चोरी के एक मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह मामला 29 मई 2025 को शिकायतकर्ता सचिन राणा द्वारा दर्ज करवाया गया था, जिसमें उन्होंने अपने रिहायशी कमरे से दो मोबाइल फोन गायब होने की शिकायत दी थी। इस पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 06/25, धारा 331(3), 305, 3(5) BNS के तहत केस दर्ज किया।
पुलिस ने इस मामले में मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए तेजी से कार्रवाई करते हुए अनुराग चौधरी पुत्र राजेन्द्र कुमार, निवासी गांव रिड़ी (जसवां), उम्र 24 वर्ष, और रजत सिंह पुत्र जगदेव सिंह, निवासी गांव भट्ट (ज्वाली), उम्र 23 वर्ष को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों के पास से चोरी के दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹24,000 है।
पुलिस थाना संसारपुर टैरस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है और केस की जांच प्रगति पर है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष की भावना देखी गई है।



