Follow Us:

तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा ने जर्मनी में चुपचाप की दूसरी शादी, जानें किसे बनाया जीवनसाथी

  • टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा और बीजद नेता पिनाकी मिश्रा ने की दूसरी शादी, 3 मई को जर्मनी में बताया जा रहा है विवाह

  • दोनों नेताओं की पुरानी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल, शादी को रखा गया पूरी तरह निजी

  • महुआ पूर्व में डेनिश फाइनेंसर से कर चुकी हैं शादी, पिनाकी की भी यह दूसरी शादी है



Mahua Moitra Pinaki Mishra Marriage: तृणमूल कांग्रेस की तेज-तर्रार सांसद महुआ मोइत्रा और ओडिशा के दिग्गज बीजद नेता व सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील पिनाकी मिश्रा की शादी की खबरों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया पर दोनों की एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया गया है कि यह जोड़ा 3 मई 2025 को जर्मनी में विवाह के बंधन में बंधा। इस विवाह को पूरी तरह गोपनीय और निजी रखा गया था, जिसे लेकर अब चर्चा तेज हो गई है।

50 वर्षीय महुआ मोइत्रा, जो कि बंगाल के कृष्णानगर से दो बार सांसद चुनी जा चुकी हैं, इससे पहले डेनमार्क के फाइनेंसर लार्स ब्रोरसन से विवाह कर चुकी थीं, जो बाद में तलाक में बदल गया। पिनाकी मिश्रा, जो हाल ही में पुरी सीट से बीजेपी के संबित पात्रा से हार गए, की भी यह दूसरी शादी है। मिश्रा की पहली शादी से एक बेटा और एक बेटी हैं।

महुआ और पिनाकी दोनों ही सेंट स्टीफंस कॉलेज, दिल्ली से पढ़े हुए हैं और अपने-अपने क्षेत्र में लंबे राजनीतिक और पेशेवर करियर का अनुभव रखते हैं। महुआ ने अमेरिका के माउंट होलोके कॉलेज से पढ़ाई की और जेपी मॉर्गन चेस जैसी ग्लोबल फर्म में इन्वेस्टमेंट बैंकर रहीं, जबकि पिनाकी मिश्रा दिल्ली विश्वविद्यालय से लॉ ग्रेजुएट हैं और सुप्रीम कोर्ट में प्रतिष्ठित वकील के रूप में जाने जाते हैं।

महुआ मोइत्रा का व्यक्तिगत जीवन बीते सालों में कई विवादों में रहा है। 2023 में “कैश फॉर क्वेरी” केस में वह सुर्खियों में रहीं जब उनके पूर्व साथी जय अनंत देहाद्राई ने उन पर हीरानंदानी ग्रुप से सवाल पूछने के बदले घूस लेने का आरोप लगाया था। जवाब में महुआ ने उन्हें ‘धोखा खाया हुआ एक्स’ करार देते हुए पर्सनल डेटा लीक और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया था। इसके बाद देहाद्राई ने उन पर पालतू कुत्ते हेनरी के अपहरण और दबाव बनाने का केस दर्ज करवाया था।

महुआ पर लोकसभा में सवाल पूछने के लिए मंहगे गिफ्ट लेने के आरोप भी लगे, जिस कारण उन्हें 8 दिसंबर 2023 को संसद से सस्पेंड कर दिया गया। संसद में उनके पूछे 62 सवालों में से 9 अडाणी समूह से जुड़े थे।

अब, उनकी दूसरी शादी की खबर और वायरल हो रही तस्वीर ने एक बार फिर उन्हें खबरों के केंद्र में ला दिया है। हालांकि, महुआ मोइत्रा या पिनाकी मिश्रा की ओर से इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।