श्रद्धालुओं का सब्र टूटा, किया सड़क पर विरोध प्रदर्शन
सरनाहुली मेले के चलते भारी भीड़, प्रशासनिक अव्यवस्था उजागर
विपलव सकलानी, मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सरनाहुली मेले के दौरान कमरुनाग, जालपा और शिकारी देवी मंदिरों की ओर जा रहे हजारों श्रद्धालु और पर्यटक उस समय भारी परेशानी में पड़ गए जब वीआईपी काफिले की क्रॉसिंग के चलते शिकारी रूट पर 4 घंटे तक लंबा जाम लग गया।
यह जाम कमरुनाग-जालपा-शिकारी माता मार्ग पर पड़ा, जो इन धार्मिक स्थलों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। सैलानियों और श्रद्धालुओं का धैर्य उस समय जवाब दे गया जब घंटों तक गाड़ियों की कतारें हिल नहीं सकीं। इस बीच गर्मी और भीड़ की वजह से बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

वीआईपी काफिले की सुरक्षा और आवाजाही के चलते ट्रैफिक पूरी तरह रोक दिया गया, जिससे साधारण यात्रियों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा। अंततः लोगों ने काफिले को रोककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
स्थानीय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट बयान नहीं आया, जिससे लोगों में और भी रोष है। यह मामला श्रद्धा, प्रशासनिक संवेदनशीलता और वीआईपी संस्कृति के टकराव को उजागर करता है। लोगों का कहना है कि धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर इस तरह की असुविधा से श्रद्धा भाव आहत होता है और हिमाचल की पर्यटन छवि को नुकसान पहुंचता है।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि अगली बार ऐसी व्यवस्थाएं की जाएं जिससे आम जनता को परेशानी न हो, और वीआईपी मूवमेंट को जनता के समय और सहूलियत का ध्यान रखकर मैनेज किया जाए।



