शिमला में वीकेंड पर पर्यटकों का भारी सैलाब, ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई
एक हफ्ते में 2.25 लाख से अधिक वाहनों की आवाजाही दर्ज, रेंगते रहे वाहन
पुलिस ने 170 जवानों की तैनाती से ट्रैफिक कंट्रोल की कमान संभाली
पराक्रमचंद, शिमला
शिमला में इन दिनों पर्यटन सीजन अपने चरम पर है। मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए लोग पहाड़ों का रुख कर रहे हैं, जिससे हिमाचल के पर्यटन स्थलों में जबरदस्त पर्यटक दबाव देखा जा रहा है। विशेष रूप से शिमला, जो कि पहाड़ों की रानी कहलाती है, हर सप्ताहांत हजारों पर्यटकों की मेज़बानी कर रही है।
बीते एक हफ्ते में शोघी बैरियर से 2 लाख 25 हजार से अधिक वाहनों की एंट्री दर्ज की गई है। इस असाधारण वाहन आवाजाही के चलते शहर की सड़कों पर भारी जाम की स्थिति बन गई है। लोगों को चंद मिनटों का सफर तय करने में घंटों का समय लग रहा है, जिससे आम नागरिकों और पर्यटकों दोनों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इस चुनौती से निपटने के लिए शिमला ट्रैफिक पुलिस ने अपनी रणनीति मजबूत कर दी है। डीएसपी ट्रैफिक संदीप शर्मा के मुताबिक, ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए दो अतिरिक्त ट्रैफिक टुकड़ियों को तैनात किया गया है। 170 पुलिस जवान शहर के विभिन्न हिस्सों में तीन शिफ्टों में सेवाएं दे रहे हैं, ताकि 24×7 ट्रैफिक नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।
ट्रैफिक डायवर्जन की योजना भी लागू की गई है, जिससे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहनों का प्रवाह संतुलित किया जा सके। साथ ही स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि जरूरी कार्यों के लिए जल्दी घर से निकलें, ताकि जाम में फंसने से बचा जा सके।
शहर में आई इस भीड़ ने एक ओर जहां पर्यटन व्यवसाय को गति दी है, वहीं प्रशासन और स्थानीय जनता के लिए एक बड़ी चुनौती भी उत्पन्न कर दी है। अब देखने वाली बात होगी कि ट्रैफिक प्रबंधन की ये रणनीति भीड़ को कैसे संभाल पाती है।



