➤ जयसिंहपुर में 19 जून को रोजगार मेले का आयोजन
➤ 20 कंपनियां देंगी 1500 युवाओं को नौकरी के मौके
➤ मंत्री यादवेंद्र गोमा ने युवाओं से मेले में पहुंचने की अपील की
पराक्रम चंंद , शिमला
Rozgar Mela Jaisinghpur 2025: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में स्थित जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के लिए 19 जून का दिन रोजगार के सुनहरे अवसरों की सौगात लेकर आ रहा है। राज्य के आयुष एवं युवा खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा की पहल पर राजकीय कन्या महाविद्यालय, जयसिंहपुर में एक भव्य रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है, जहां करीब 1500 युवाओं को विभिन्न कंपनियों में नौकरी देने की संभावनाएं बन रही हैं।
यह रोजगार मेला Rozgar.com के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है और इसमें देश की करीब 20 नामचीन कंपनियां भाग लेंगी, जो आईटीआई, दसवीं, बारहवीं और स्नातक स्तर के योग्य उम्मीदवारों को बद्दी, नालागढ़, जालंधर व अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराएंगी।
मंत्री यादवेंद्र गोमा ने इस आयोजन को युवाओं के सपनों को साकार करने की दिशा में एक ठोस प्रयास बताया और क्षेत्र के युवाओं से इस मेले में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह मेला केवल रोजगार देने का माध्यम नहीं, बल्कि क्षमता और प्रतिभा को पहचान देने का मंच है, जहां उद्योगों और युवाओं के बीच सीधा संवाद होगा।
गोमा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल रोजगार देना नहीं, बल्कि योग्य युवाओं को उनकी शिक्षा और कौशल के अनुरूप उचित अवसर देना है। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी भी तरह की फीस या शुल्क नहीं रखा गया है और योग्य अभ्यर्थी मौके पर ही साक्षात्कार देकर चयनित हो सकते हैं।
उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे आवश्यक प्रमाण पत्र, बायोडाटा, और पहचान पत्र साथ लेकर आएं ताकि चयन प्रक्रिया में कोई अड़चन न आए।
यह रोजगार मेला ना सिर्फ क्षेत्रीय बेरोजगारी की समस्या को कम करने में सहायक होगा, बल्कि युवाओं को उनके गृह क्षेत्र के निकट ही अवसर भी उपलब्ध कराएगा।



