➤ धर्मशाला केंद्रीय विवि का आठवां दीक्षांत समारोह आयोजित
➤ 462 छात्रों को दी गई डिग्रियां और दीक्षा संकल्प दिलाया गया
➤ भारतीय परंपरा के साथ निकाली गई शोभायात्रा और मेहमानों की विशेष मौजूदगी
शिवांशु शुक्ला, धर्मशाला
केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के आठवें दीक्षांत समारोह का आयोजन बुधवार को बड़ी गरिमा और पारंपरिक भारतीय परंपरा के साथ किया गया। इस समारोह में कुल 462 छात्रों को स्नातक, परास्नातक और पीजी डिप्लोमा की उपाधियां प्रदान की गईं। समारोह का मुख्य आकर्षण यह रहा कि छात्र हिमाचली टोपी और भारतीय परिधान में नजर आए, जिससे आयोजन में सांस्कृतिक रंग घुल गया।
कार्यक्रम में भारतीय विश्वविद्यालय संघ, नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रो. विनय कुमार पाठक ने मुख्यातिथि के रूप में भाग लिया और मंच से छात्रों को उनकी डिग्रियां प्रदान कीं। केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलाधिपति पद्मश्री आचार्य डॉ. हरमहेंद्र सिंह बेदी, कुलपति प्रो. सच्चिदानंद जोशी, पंजाब तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुशील मित्तल, विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय गुरुग्राम के कुलपति प्रो. दिनेश अग्रवाल, तथा प्रो. राज नेहरू जैसे विशिष्ट शिक्षाविद् इस अवसर पर विशेष अतिथि रहे।
कार्यक्रम के दौरान अकादमिक शोभायात्रा निकाली गई और मंच पर सभी उपाधिधारियों को पारंपरिक भारतीय रीति से दीक्षा संकल्प भी दिलाया गया। यह संकल्प विद्यार्थियों को केवल डिग्रीधारी ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदार कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करता है।
उल्लेखनीय है कि 2020 में पास आउट हुए 206 छात्रों और 2021 में पास आउट 256 छात्रों ने इस दीक्षांत समारोह के लिए पंजीकरण कराया था। इस आयोजन ने न केवल विद्यार्थियों बल्कि उनके परिजनों के लिए भी गर्व और उल्लास का अवसर प्रस्तुत किया।



