Follow Us:

आत्मा सोलन का अभिनव प्रयास, जैविक खेती से बदल रही किसान की तकदीर

सोलन में किसानों की खुशहाली की ओर बढ़ा एक और कदम
‘प्राकृतिक खेती’ के तहत 13077 किसानों को मिला प्रशिक्षण, 12670 ने अपनाई जैविक पद्धति
10000 किसानों का ‘सितारा पोर्टल’ पर हो चुका प्रमाणीकरण

हिमानी ठाकुर, सोलन(Advt. Content)


कृषि प्रौद्योगिकी प्रबन्धन अभिकरण (आत्मा), सोलन किसानों की समृद्धि, पर्यावरण सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रहा है। आत्मा द्वारा ‘प्राकृतिक खेती अपनाएं, स्वस्थ जीवन जियें’ अभियान के अंतर्गत जिले के हर कोने तक प्राकृतिक खेती की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है।

राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन और कृषि विस्तार पर उप मिशन प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के अंतर्गत जिले में जागरूकता शिविरों, कार्यशालाओं, प्रदर्शन प्लॉटों और कृषक पाठशालाओं का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिकतम किसान इस पद्धति से लाभान्वित हो सकें।

जिले के कृषि एवं बागवानी विश्वविद्यालयों के सहयोग से खरीफ और रबी सीजन में वैज्ञानिकों और किसानों के बीच कृषक वैज्ञानिक परिचर्चाएं आयोजित की जा रही हैं, जिससे किसानों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से खेती करने की प्रेरणा मिल रही है।

प्रत्येक विकास खंड में कृषि, बागवानी और पशुपालन विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती आधारित पाठशालाएं चलाई जा रही हैं। इसके साथ ही खंड स्तर पर खाद्य सुरक्षा समूहों का गठन और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है, जिससे कृषक सामग्री का विस्तार हो सके।

जिला, राज्य और अंतरराज्यीय स्तर पर भ्रमण और प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से किसानों को दूसरे क्षेत्रों की सफल प्राकृतिक खेती की तकनीकों से भी परिचित कराया जा रहा है। आत्मा द्वारा किसानों को प्राकृतिक खेती के घटक तैयार करने हेतु प्लास्टिक ड्रम खरीद पर अनुदान और गौशाला पक्की करने हेतु प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है।

अप्रैल 2018 से विधिवत रूप से शुरू हुई इस योजना के अंतर्गत अब तक 1915.642 हेक्टेयर भूमि को प्राकृतिक खेती में शामिल किया जा चुका है। आत्मा द्वारा 620 से अधिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 13077 किसानों को प्रशिक्षित किया गया और उनमें से 12670 किसानों ने इसे अपनाया है। इन सभी का पंजीकरण और प्रमाणीकरण ‘सितारा पोर्टल’ पर किया गया है और अब तक 10000 किसानों का प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है।

कृषि संबंधित जानकारी और सहायता के लिए किसान कृषि प्रौद्योगिकी प्रबन्धन अभिकरण (आत्मा), सोलन से संपर्क कर सकते हैं।