Follow Us:

नाचन के जाछ में खुली 1.73 करोड़ की सब्जी मंडी, 9 पंचायतों को मिलेगा लाभ

नाचन के जाछ में 1.73 करोड़ की उप-सब्जी मंडी का लोकार्पण
महिला दुग्ध समितियों की पंजीकरण नीति में बदलाव की घोषणा
प्राकृतिक खेती, दूध और हल्दी की एमएसपी से किसानों को लाभ


Himachal Agriculture: हिमाचल प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने नाचन विधानसभा क्षेत्र की जाछ पंचायत में 1.73 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित उप-सब्जी मंडी का लोकार्पण किया। इस मंडी में आठ दुकानें, निलामी मंच, किसान विश्राम गृह, कैंटीन और कर्मचारी आवास जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसका लाभ नाचन और करसोग क्षेत्र की नौ पंचायतों के हजारों किसान-बागबानों को मिलेगा, जो अब अपने ही क्षेत्र में कृषि उपज का विपणन कर सकेंगे और बाहर की मंडियों में जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी।

कृषि मंत्री ने इस अवसर पर अतिरिक्त विश्राम कक्षों के निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को कृषि के माध्यम से सशक्त बना रही है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए गाय के दूध का मूल्य ₹51 और भैंस का ₹61 प्रति लीटर किया गया है। साथ ही, महिला दुग्ध सहकारी समितियों के पंजीकरण की नीति को सरल बनाते हुए, यह अधिकार एसडीएम को देने पर सरकार विचार कर रही है।

प्राकृतिक खेती को लेकर मंत्री ने कहा कि हिमाचल के किसान देशभर में सबसे बेहतर दाम पर मक्की और गेहूं बेच रहे हैं। गेंहू की एमएसपी ₹60 और मक्की की ₹40 प्रति किलो घोषित की गई है। मंडी ज़िले में 65 मीट्रिक टन मक्की और 30 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है। आज हिम भोग आटा ₹40 प्रति किलो में बिक रहा है। मंडी जिले के 44,000 किसान प्राकृतिक खेती से जुड़ चुके हैं और 8000 हेक्टेयर भूमि पर यह विधि अपनाई गई है।

कृषि को युवाओं के लिए आकर्षक बनाने के उद्देश्य से कच्ची हल्दी का खरीद मूल्य ₹90 प्रति किलो तय किया गया है। इसके औषधीय और कॉस्मेटिक उद्योग में संभावनाओं को देखते हुए इसे बाजार से जोड़ा जाएगा। सरकार राज्य की मंडियों को ऑनलाइन और वैश्विक स्तर से जोड़ने की योजना पर भी काम कर रही है।

कार्यक्रम में भूमि दान देने वाली रामकी देवी और चमन लाल को सम्मानित किया गया। स्थानीय विधायक विनोद कुमार ने मंत्री को क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया। एपीएमसी मंडी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने जानकारी दी कि मंडी जिले में एपीएमसी की आय बढ़ रही है, चमुखा और तत्तापानी में चुंगी शुरू होने से एक करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय हुई है। बल्ह के जरलू में कोल्ड स्टोर की स्थापना की प्रक्रिया भी तेज हुई है।

पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि सरकार ग्रामीण आर्थिकी को प्राथमिकता दे रही है। सभा को राज्य सहकारी बैंक निदेशक मंडल सदस्य लाल सिंह कौशल, कांग्रेस नेता नरेश चौहान, जगदीश रेड्डी, ब्रह्मदास चौहान, दलीप कुमार, नेत्र सिंह, प्रेम सिंह, हुकम सिंह ठाकुर, कल्पना ठाकुर सहित कई नेताओं और कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक राहुल कटोच ने भी संबोधित किया।