Follow Us:

हिमाचल में नशा खत्म करने की तैयारी! मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान, जानें

➤ नशे के खिलाफ प्रदेश में बड़ा अभियान शुरू करेगी सरकार
➤ मुख्यमंत्री ने हाफ मैराथन विजेताओं को किया सम्मानित
➤ नशा तस्करों की संपत्ति जब्त, जीरो टॉलरेंस नीति लागू

पराक्रम चंद, शिमला



हिमाचल प्रदेश सरकार निकट भविष्य में बड़े स्तर पर नशे के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला में आयोजित 12वीं हिमाचल प्रदेश पुलिस हाफ मैराथन के विजेताओं को सम्मानित करने के अवसर पर यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नशे की तस्करी और नशे संबंधी गतिविधियों में सरकारी कर्मचारियों की संलिप्तता को लेकर गंभीर कदम उठाए गए हैं। 80 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। पुलिस कर्मियों की संलिप्तता सामने आने के बाद सरकार पुलिस मैनुअल में संशोधन करने पर विचार कर रही है ताकि पुलिस बल में और अधिक जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पंचायत स्तर पर मैपिंग की जा रही है और विशेष टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। इसके लिए भर्ती प्रक्रिया भी चल रही है। साथ ही पुलिस विभाग को सशक्त बनाने के लिए 500 नए पद भरे जाएंगे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने पीआइटी-एनडीपीएस अधिनियम लागू किया है, जो पिछली भाजपा सरकार अपने कार्यकाल में लागू नहीं कर पाई। इस अधिनियम के तहत 40 डिटेंशन आदेशों को मंजूरी दी गई हैं, जिनमें से 36 आदेश इस वर्ष जारी हुए। अब तक सात नशा तस्करों की संपत्तियों को जब्त किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश एंटी ड्रग्स एक्ट पास किया गया है, जिससे अपराधियों और पीड़ितों में फर्क किया जा सकेगा। नशे से प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए प्रदेश सरकार सक्रियता से कार्य कर रही है ताकि वे समाज की मुख्यधारा में लौट सकें। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बच्चों से संवाद स्थापित करें और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।

इस मौके पर हाफ मैराथन (21.5 किलोमीटर) में पुरुष वर्ग के विजेता रविदास और महिला वर्ग की विजेता रूबी कश्यप को 51-51 हजार रुपये के पुरस्कार दिए गए। मिनी मैराथन, ड्रीम रन और विभिन्न वर्गों में भी विजेताओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ‘हार्मनी ऑफ पाइन’ का विशेष जागरूकता गीत भी जारी किया।

कार्यक्रम में विधायक हरीश जनारथा, महापौर सुरेन्द्र चौहान, मुख्यमंत्री के प्रधान (मीडिया) सलाहकार नरेश चौहान, अतिरिक्त मुख्य सचिव के.के. पंत, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी समेत कई गणमान्य उपस्थित थे।