➤ अनुशासनात्मक कार्रवाई को लेकर था विवाद
➤ दोनों आरोपी छात्र फरार, गांव में शोक और गुस्सा
करतार मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब दो छात्रों ने स्कूल के प्रिंसिपल जगबीर सिंह की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। यह वारदात स्कूल परिसर के भीतर प्रिंसिपल के ऑफिस में हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।यह स्कूल हरियाणा के हिसार जिले के बांस बादशाहपुर गांव में स्थित है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी छात्र किसी अनुशासनात्मक कार्रवाई को लेकर पहले से प्रिंसिपल से नाराज थे। इसी गुस्से में उन्होंने अचानक प्रिंसिपल के कक्ष में घुसकर उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रिंसिपल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्कूल परिसर को चारों तरफ से घेरकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रिंसिपल के साथ छात्रों की अनुशासन को लेकर बहस हुई थी, जिसे उन्होंने व्यक्तिगत आक्रोश में बदल लिया।
दोनों आरोपी छात्र हत्या के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस ने कई टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमला पूर्व नियोजित था या किसी उकसावे में किया गया।



