Follow Us:

नेशनल टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या: गुरुग्राम में पिता ने ही मारी गोलियां, जांच में जुटी पुलिस

गुरुग्राम में नेशनल टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या, आरोपी कोई और नहीं बल्कि उसका पिता
राधिका के सिर व सीने में मारी गईं तीन गोलियां, घर में अकेले थे बाप-बेटी
राधिका ने ITF और WTA जैसे इंटरनेशनल टूर्नामेंट्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया था



हरियाणा के गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां 25 वर्षीय नेशनल टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की गुरुवार दोपहर उनके पिता द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात उस वक्त हुई जब घर में सिर्फ राधिका और उसके पिता मौजूद थे। आस-पास के लोगों ने घर से तीन बार गोली चलने की आवाज सुनी और भागकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि राधिका खून से लथपथ पड़ी थी और पिता पास में ही मौजूद थे। तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया और घटना में प्रयुक्त रिवॉल्वर बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में धारा 302 के तहत हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस वारदात को पारिवारिक विवाद से जोड़कर देख रही है और अन्य परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

राधिका यादव भारतीय टेनिस की एक उभरती हुई खिलाड़ी थीं। उन्होंने नेशनल और इंटरनेशनल स्तर पर कई प्रतिष्ठित ITF और WTA टूर्नामेंट्स में भाग लिया था। 2024 में ट्यूनीशिया में आयोजित W15 टूर्नामेंट में हिस्सा लिया और 2017 में ग्वालियर में हुए एक अंतरराष्ट्रीय मैच में ताइवान की खिलाड़ी हसीन-युआन शिह के खिलाफ कोर्ट में उतरी थीं। उनकी आईटीएफ करियर हाई रैंकिंग 1638 रही है और उनका नाम ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (AITA) में भी दर्ज है।

हालांकि अभी तक हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, पुलिस सभी संभावनाओं की जांच कर रही है। राधिका को देश की नई पीढ़ी की महिला खिलाड़ियों में भविष्य का सितारा माना जाता था। उनकी हत्या ने खेल जगत और समाज को गहरे सदमे में डाल दिया है।