Follow Us:

सिरमौर के हरिपुरधार में भारी भूस्खलन, दो वाहन मलबे में दबे, कुपवी सड़क बंद

सिरमौर के हरिपुरधार में भारी भूस्खलन, दो वाहन क्षतिग्रस्त
जल शक्ति विभाग के कार्यालय को भी खतरा, सुरक्षा दीवार ढही
हरिपुरधार–कुपवी मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह बंद



हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हरिपुरधार क्षेत्र में भारी बारिश के बाद शनिवार रात को बड़ा भूस्खलन हुआ है। यह भूस्खलन हरिपुरधार–कुपवी मार्ग पर हुआ, जो कि जिला शिमला को सिरमौर से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। भूस्खलन की चपेट में आकर सड़क किनारे खड़े दो वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

इस लैंडस्लाइड के कारण सड़क पूरी तरह से यातायात के लिए बाधित हो गई है। सबसे बड़ी चिंता का विषय यह है कि जल शक्ति विभाग का कार्यालय भी अब भूस्खलन की जद में आ गया है। कार्यालय की सुरक्षा दीवार भी टूट कर गिर गई है, जिससे भवन को भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। यदि समय रहते मलबा न हटाया गया, तो कार्यालय को नुकसान हो सकता है।

गनीमत यह रही कि भूस्खलन रात के समय हुआ, जब इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही न्यूनतम थी। यदि दिन के समय ऐसा होता, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। प्रशासन ने मार्ग को बंद कर दिया है और मलबा हटाने के लिए मशीनरी तैनात कर दी गई है। स्थानीय लोगों और अधिकारियों द्वारा भारी मलबे को हटाने का प्रयास जारी है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना अनुमति इस मार्ग पर न जाएं और वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें। लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएँ बढ़ रही हैं, जिससे जान-माल को खतरा बना हुआ है।