Follow Us:

डायरेक्टर हेल्थ पद पर डॉक्टर गोपाल वेरी की वापसी से चिकित्सा समुदाय में खुशी

➤ डॉक्टर अश्विनी शर्मा की नियुक्ति वापसी पर मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन में खुशी
➤ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने डॉक्टर गोपाल वेरी को बनाया नया निदेशक
➤ कैप्टन डॉ. उदय सिंह ने मुख्यमंत्री का जताया आभार और निर्णय को सराहा


विरोध के बाद हिमाचल प्रदेश में चिकित्सा अधिकारियों के हित में बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आईएएस अधिकारी डॉक्टर अश्विनी शर्मा की डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज के रूप में की गई नियुक्ति वापस ले ली है। उनकी जगह अब डॉ. गोपाल वेरी को इस पद पर नियुक्त किया गया है। इस फैसले से पूरे राज्य के चिकित्सा समुदाय में हर्ष और संतोष का माहौल है।

कांगड़ा मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन डॉ. उदय सिंह ने इस निर्णय का खुले दिल से स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नॉन कैडर अधिकारी की नियुक्ति से डॉक्टरों के स्वाभिमान को ठेस पहुंची थी, और यह निर्णय अनुचित था। इस पर सभी जिला कार्यकारिणियों और राज्य स्तरीय कार्यकारिणी ने मिलकर मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा और उनसे सीधी वार्ता कर तत्काल कार्रवाई की मांग की

मुख्यमंत्री ने इस विषय पर संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय देते हुए डॉक्टर अश्विनी शर्मा को पद से हटा दिया और डॉक्टर गोपाल वेरी को नए डायरेक्टर के तौर पर नियुक्त किया। इस फैसले को लेकर मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन ने कहा कि सरकार का यह कदम डॉक्टर समुदाय की भावना को सम्मान देने वाला है और इससे सरकार और चिकित्सा विभाग के बीच विश्वास और सहयोग की भावना और मजबूत होगी

डॉ. उदय सिंह ने मुख्यमंत्री को जनहित में संवेदनशील और दृढ़ नायक बताते हुए कहा कि चिकित्सा सेवाओं में नेतृत्व उन्हीं के हाथों में होना चाहिए जो क्षेत्र से जुड़े और अनुभव रखते हों।