➤ ऊना के लोअर बसाल में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या
➤ सैलून में कटिंग करवा रहे युवक पर बाइक सवार दो हमलावरों ने चलाई गोली
➤ हत्या से दहशत, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देती एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर स्थित लोअर बसाल बाजार में सोमवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक सैलून में बाल कटवा रहे युवक को बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। इस दिनदहाड़े हुई हत्या ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
मृतक की पहचान राकेश कुमार उर्फ गगी, निवासी अपर अरनियाला, जिला ऊना के रूप में हुई है। वह सैलून में बैठा बाल कटवा रहा था, उसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक आए और सीधे उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोग तुरंत उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ऊना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। घटनास्थल से नौकरीपेशा, दुकानदार और आम नागरिकों में दहशत का माहौल है।
गौरतलब है कि ऊना जिले में हाल के महीनों में गोलीबारी की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। आम जनता अब सार्वजनिक स्थलों पर खुद को असुरक्षित महसूस करने लगी है। इस ताजा वारदात के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ऊना ने मीडिया को बताया कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, गैंगवार या सुपारी किलिंग जैसे कोणों पर जांच की जा रही है। शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा और जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया है।



