Follow Us:

गोल्डन महाशीर संरक्षण प्रोजेक्ट को स्कॉच गोल्ड अवार्ड, विवेक चंदेल ने पाया सम्‍मान

हिमाचल प्रदेश को मिला स्कॉच गोल्ड अवार्ड
गोल्डन महाशीर संरक्षण प्रोजेक्ट को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान
नई दिल्ली में इंडिया हैबिटैट सेंटर में हुआ सम्मान समारोह


नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश को पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में एक और बड़ा सम्मान मिला है। मतस्‍य विभाग के निदेशक विवेक चंदेल  ने  राजधानी दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटैट सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में स्कॉच गोल्ड अवार्ड प्राप्त किया। यह पुरस्कार हिमाचल प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट “Conserving Golden Mahaseer through Captive Breeding” को दिया गया है।

गोल्डन महाशीर हिमालयी नदियों की एक दुर्लभ और बेहद कीमती मछली है, जिसे जीवविविधता और पारिस्थितिकी संतुलन के लिहाज से अनमोल माना जाता है। हिमाचल प्रदेश मत्स्य विभाग ने इसके संरक्षण के लिए कैप्टिव ब्रीडिंग तकनीक अपनाई है, जिसके चलते इस प्रजाति को बचाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

यह पुरस्कार न केवल प्रदेश के मत्स्य विभाग की कार्यकुशलता का सम्मान है, बल्कि अच्छे शासन (Good Governance) और परिवर्तनकारी नेतृत्व (Transformative Leadership) की दिशा में एक ठोस कदम भी माना जा रहा है।

कार्यक्रम में मौजूद विशेषज्ञों ने इसे एक मॉडल प्रोजेक्ट करार दिया, जिसे देश के अन्य राज्यों में भी लागू किया जा सकता है। इस उपलब्धि पर पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी की लहर है और इसे पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में प्रदेश की राष्ट्रीय पहचान के रूप में देखा जा रहा है।