Follow Us:

हिमाचल में 3 दिन साफ मौसम, 4 अक्टूबर से बारिश के आसार

हिमाचल में अगले तीन दिन साफ मौसम, 4 अक्टूबर से बदलेगा मिज़ाज
4 से 6 अक्टूबर तक बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार
➤ मैदानी इलाकों में 30-40 km/h की रफ्तार से तूफान चलने की संभावना



हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिज़ाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले तीन दिन यानी 3 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। इसके बाद 3 अक्टूबर की शाम से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 4 से 6 अक्टूबर तक देखने को मिलेगा।

पूर्वानुमान के अनुसार, 4 और 5 अक्टूबर को प्रदेश के निम्न और मध्यवर्ती क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। वहीं 6 अक्टूबर को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो लाहौल-स्पीति और आसपास के अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीजन की पहली हल्की बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश के मैदानी इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं बीते 24 घंटों में पूरे प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। ऊना का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि शिमला का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश के 13 शहरों में तापमान 30 डिग्री से ऊपर चला गया है। कल्पा, धर्मशाला और बिलासपुर में सामान्य से 3 डिग्री अधिक तापमान दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक चल रहा है। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि 4 अक्टूबर से बारिश शुरू होने के बाद तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।