➤ रामपुर के जुली गांव में मधुमक्खियों के हमले से एक व्यक्ति की मौत
➤ दो महिलाएं घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
➤ पुलिस जांच में डंक के निशान और सूजन की पुष्टि
शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के जुली गांव में बुधवार शाम दर्दनाक हादसा हुआ। खेत में घास काटते समय ग्रामीणों पर मधुमक्खियों (रंगड़ों) ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में गांव निवासी 48 वर्षीय कोक चंद की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी मीना देवी और पड़ोसन संतू देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना शाम करीब 5 बजे हुई, जब तीनों खेत में घास काटकर एक पेड़ के पास रख रहे थे। पेड़ पर बने छत्ते से सैकड़ों मधुमक्खियां निकलकर ग्रामीणों पर टूट पड़ीं और लगातार डंक मारने लगीं।
ग्रामीणों ने किसी तरह बचकर भागने की कोशिश की, लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें खनेरी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान कोक चंद ने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटना की पुष्टि की और बयान दर्ज किए।
डीएसपी नरेश शर्मा ने बताया कि मृतक के शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले, लेकिन डंक के कारण लाल-नील धब्बे और सूजन मौजूद थे। शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।



