Follow Us:

राज्यपाल शुक्ल ने मनाली में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने मनाली में बाढ़ और बारिश से हुए नुकसान का लिया जायजा
मनाली–कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग और कई गांवों में सड़क व भूमि खिसकने की स्थिति गंभीर
सीमा सड़क संगठन और ग्रेफ ने पुनर्निर्माण और राहत कार्यों की दी जानकारी



कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान मनाली का दौरा कर हाल ही में आई भारी बारिश और बाढ़ से हुए व्यापक नुकसान का जायजा लिया। राज्यपाल ने कुल्लू से मनाली के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति देखी, जहां अगस्त माह में आई बाढ़ के चलते कई जगहों पर सड़क धंस गई और नदी का बहाव बदल जाने से स्थिति और बिगड़ गई है।

राज्यपाल ने कहा कि सड़कों को दोनों ओर से नुकसान हुआ है और इनकी बहाली के लिए ड्रेसिंग व स्थायी समाधान की जरूरत है। इस संदर्भ में प्रदेश सरकार और एनएचएआई अधिकारियों को तत्काल बैठक कर ठोस निर्णय लेने होंगे।

उन्होंने मनाली के सोलंग गांव का भी दौरा किया और स्थानीय लोगों से मिलकर उनका दुखदर्द जाना। उन्होंने कहा कि गांवों में आई भूस्खलन और बाढ़ से लोग अपनी जमीन और मकान खो चुके हैं, ऐसे में प्रभावितों को पुनर्वास देना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

राज्यपाल ने बिंदु ढांक, मनालसु नाला, आलु ग्राउंड और चौरिबिहाल जैसे संवेदनशील स्थानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान बीआरओ और ग्रेफ अधिकारियों ने उन्हें चल रहे पुनर्निर्माण व राहत कार्यों की जानकारी दी। राज्यपाल ने सोलन गांव में आए भूस्खलन पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि गांव को बचाना सबसे बड़ी चुनौती है और प्रशासन को तत्काल कदम उठाने होंगे।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा, उपायुक्त तोरूल रवीश, पुलिस अधीक्षक कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन सहित बीआरओ व ग्रेफ के अधिकारी मौजूद रहे।