➤ 13 अक्तूबर को शिमला के रिज मैदान में वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का होगा अनावरण
➤ कार्यक्रम में प्रियंका गांधी रहेंगी मौजूद, राहुल और सोनिया गांधी के भी आने की संभावना
➤ वीरभद्र सिंह के जीवन और उपलब्धियों पर फोटो प्रदर्शनी भी लगेगी
शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर 13 अक्तूबर को एक ऐतिहासिक पल देखने को मिलेगा जब प्रदेश के छह बार के मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस अवसर पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के शामिल होने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि राहुल गांधी और सोनिया गांधी के भी शिमला पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
इस समारोह को लेकर प्रदेश कांग्रेस संगठन और सरकार दोनों ही पूरी तैयारी में जुट गए हैं। यह आयोजन न केवल वीरभद्र सिंह की राजनीतिक विरासत को श्रद्धांजलि देने का अवसर होगा, बल्कि इसे राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है क्योंकि दिसंबर में सुक्खू सरकार के तीन साल पूरे हो रहे हैं और पंचायत चुनाव भी वर्ष के अंत में प्रस्तावित हैं।
कार्यक्रम के दौरान वीरभद्र सिंह के जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी में उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल, जनसेवा और हिमाचल के विकास में दिए योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। वहीं, वीरभद्र सिंह के पुत्र और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी रिज मैदान का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह जनसभा कांग्रेस के लिए जनता के बीच अपने कामकाज और विरासत को दोहराने का रणनीतिक मंच बन सकती है। वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण न केवल भावनात्मक बल्कि राजनीतिक संदेश देने वाला आयोजन साबित हो सकता है।



