➤ भल्लू पुल हादसे में दर्दनाक त्रासदी, मलबे की चपेट में आई बस
➤ अब तक 15 लोगों की मौत की खबर, 30 यात्री सवार थे बस में
➤ बरठीं के पास पहाड़ी दरकी, बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी
हिमाचल प्रदेश के झंडूता उपमंडल के भल्लू पुल के पास मंगलवार देर शाम दर्दनाक हादसा हुआ। बरठीं के समीप अचानक पहाड़ी दरकने से एक निजी बस मलबे की चपेट में आ गई, जिसमें 15 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि संभलने का मौका नहीं मिला।
सूत्रों के अनुसार, हादसे के समय बस झंडूता से बरठीं की ओर जा रही थी। अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा खिसक कर सड़क पर गिरा और सीधे बस के ऊपर जा गिरा। देखते ही देखते बस मलबे में समा गई।
स्थानीय लोगों ने फौरन पुलिस और प्रशासन को सूचित किया। सूचना मिलते ही एसडीएम झंडूता, पुलिस टीम, एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। मलबे में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी है।

अब तक 15 शवों को मलबे से निकाला जा चुका है, जबकि घायलों को झंडूता अस्पताल और जिला अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया गया है। कुछ गंभीर रूप से घायलों को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।

घटनास्थल पर आसपास के गांवों के लोग भी बड़ी संख्या में जुटे हुए हैं और राहत कार्य में प्रशासन की मदद कर रहे हैं। मृतकों की पहचान की जा रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है, फिलहाल भारी बारिश और भू-स्खलन को मुख्य कारण माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और घायलों के शीघ्र उपचार के निर्देश दिए हैं।
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुए बस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। मृतकों के परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।



