Follow Us:

न मैन वन पोस्ट का सिद्धांत सब पर लागू होना चाहिए मंत्री पद छोड़ने को तैयार रोहित ठाकुर

➤ रोहित ठाकुर बोले— वन मैन, वन पोस्ट सिद्धांत सभी पर लागू होना चाहिए
➤ कहा— हाईकमान अगर अध्यक्ष बनाए, तो मंत्री पद छोड़ने को तैयार
प्रतिभा सिंह को हटाने की चर्चा तेज, कांग्रेस में नए अध्यक्ष की तैयारी



हिमाचल प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि “वन मैन, वन पोस्ट का सिद्धांत” हर किसी पर लागू होना चाहिए। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि यदि पार्टी हाईकमान उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी देता है, तो वह मंत्री पद छोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। ठाकुर ने कहा कि पार्टी उन्हें जो भी दायित्व सौंपेगी, वे उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।

रोहित ठाकुर ने कहा कि फिलहाल उन्हें हाईकमान ने राज्य के सबसे बड़े शिक्षा विभाग का जिम्मा दिया है और उन्होंने इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाया है। उन्होंने कहा कि “अब तक शिक्षा क्षेत्र में अनेक सुधार किए हैं, और यदि पार्टी मुझे नई जिम्मेदारी देती है, तो मैं उससे पीछे नहीं हटूंगा।”

प्रदेश कांग्रेस में जारी नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच रोहित ठाकुर अध्यक्ष पद की रेस में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। जुब्बल-कोटखाई से विधायक ठाकुर चौथी बार विधानसभा पहुंचे हैं। पूर्व वीरभद्र सरकार में वह सीपीएस रह चुके हैं, जबकि उनके दादा ठाकुर रामलाल हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। राजनीतिक अनुभव और सशक्त पारिवारिक पृष्ठभूमि के कारण उनका नाम अध्यक्ष पद के लिए मजबूत माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, प्रतिभा सिंह को हटाने की तैयारी चल रही है। वीरभद्र सिंह की पत्नी और मौजूदा कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का कार्यकाल अप्रैल 2025 में पूरा हो चुका है। पार्टी की बाकी सभी इकाइयां— राज्य, जिला और ब्लॉक— पहले ही राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा भंग कर दी गई हैं। होली लॉज विरोधी खेमा लंबे समय से प्रतिभा सिंह को बदलने की मांग कर रहा था, लेकिन गुटबाजी के कारण सहमति नहीं बन पा रही थी।

बीते सितंबर में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली में हिमाचल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की थी। इसी बैठक के बाद से रोहित ठाकुर का नाम अध्यक्ष पद के लिए सबसे आगे माना जा रहा है। इससे पहले चर्चा थी कि मुख्यमंत्री सुक्खू मंत्री अनिरुद्ध सिंह को अध्यक्ष बनाना चाहते हैं, मगर अनिरुद्ध सिंह ने इस जिम्मेदारी को लेने में रुचि नहीं दिखाई।

अब देखना यह होगा कि क्या कांग्रेस नेतृत्व रोहित ठाकुर को संगठन की कमान सौंपता है या पार्टी में कोई नया समीकरण बनता है।