Follow Us:

हिमाचल अग्निशमन विभाग ने दिवाली पर जारी की सुरक्षा एडवाइजरी, जानें

हिमाचल अग्निशमन सेवा विभाग ने दिवाली के लिए जारी की सुरक्षा एडवाइजरी
लाइसेंस प्राप्त विक्रेताओं से ही पटाखे खरीदने की अपील की गई
पटाखे फोड़ते समय सुरक्षा नियमों और सावधानियों के पालन पर जोर दिया गया



हिमाचल प्रदेश अग्निशमन सेवा विभाग ने दिवाली त्यौहार के अवसर पर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अग्नि सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षित, कानूनी और मानक गुणवत्ता वाले पटाखे ही खरीदें और लाइसेंस प्राप्त विक्रेताओं से ही खरीदारी करें, ताकि किसी भी दुर्घटना या आगजनी की घटना से बचा जा सके

एडवाइजरी में कहा गया है कि पटाखे हमेशा खुले मैदानों या सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं, इमारतों, वाहनों और ज्वलनशील वस्तुओं से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। विभाग ने चेतावनी दी है कि घर के अंदर, खिड़कियों के पास या सीमित जगहों पर कभी भी पटाखे न जलाएं, क्योंकि इससे गंभीर आग लग सकती है।

सुरक्षा उपायों के तहत विभाग ने लोगों को पानी की बाल्टी या बालू पास में रखने की सलाह दी है, ताकि आपात स्थिति में तुरंत आग पर काबू पाया जा सके। इसके साथ ही, सिंथेटिक कपड़ों से परहेज कर सूती कपड़े पहनने की अपील की गई है, क्योंकि सिंथेटिक कपड़े तुरंत आग पकड़ सकते हैं।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से कहा गया है कि पटाखे फोड़ते समय हमेशा किसी वयस्क की निगरानी होनी चाहिए। साथ ही, एक साथ कई पटाखे जलाने से बचें और पटाखा जलाने के बाद उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें

विभाग ने यह भी कहा कि अगर कोई पटाखा जलने में विफल रहता है, तो उसे दोबारा जलाने का प्रयास न करें। कुछ मिनट प्रतीक्षा करें और फिर उसे सुरक्षित रूप से पानी में डालकर नष्ट करें। इसके अलावा, तेल के दीये या मोमबत्तियां कभी भी बिना निगरानी के न छोड़ें, विशेषकर पर्दों या ज्वलनशील वस्तुओं के पास

अग्निशमन विभाग ने कहा है कि दिवाली खुशियों का पर्व है, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी लोग सुरक्षा के नियमों का पालन करें और सुरक्षित दीपावली मनाएं