➤ हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में आज बारिश और बर्फबारी के आसार
➤ पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव, ठंडक बढ़ी
➤ मैदानी जिलों में मौसम साफ, सुबह-शाम ठिठुरन तेज
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से मौसम ने करवट बदल ली है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्र आज बारिश और बर्फबारी की चपेट में आ सकते हैं। मौसम विभाग ने बुधवार और वीरवार को लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा की ऊंची पहाड़ियों में बर्फबारी और वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है।
राजधानी शिमला में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। इस बदलाव से तापमान में गिरावट आई है, जिससे सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है। लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
मैदानी जिलों — ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं उच्च पर्वतीय और मध्यवर्ती क्षेत्रों में ठंड का असर और तेज होगा। मौसम विभाग का कहना है कि 22 और 23 अक्तूबर को इन इलाकों में ठंडक और बर्फबारी की स्थिति बनी रहेगी।
सोमवार रात को प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई। केलांग में तापमान 1.0, कुकुमसेरी में 2.1, ताबो में 2.9, कल्पा में 5.0, रिकांगपिओ में 7.9, मनाली में 8.4, धर्मशाला में 12.2 और शिमला में 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इस बदलाव के साथ ही सर्दी का मौसम हिमाचल में दस्तक दे चुका है। स्थानीय प्रशासन ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी की संभावना से पर्यटक उत्साहित नजर आ रहे हैं।



