Follow Us:

खेतों में काम कर रहे थे किसान, अचानक तेंदुए ने कर दिया हमला, छह घायल

ऊना के कर्मपुर गांव में तेंदुए का हमला, छह लोग घायल
ग्रामीणों ने डंडों से पीछा कर तेंदुए को किया काबू
वन विभाग ने घायल तेंदुए को पकड़कर भेजा पुनर्वास केंद्र



हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के हरोली उपमंडल के कर्मपुर गांव में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक तेंदुए ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस हमले में छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक व्यक्ति की आंख में गंभीर चोट आई है जबकि बाकी को मामूली चोटें आई हैं। यह घटना पालकवाह क्षेत्र के कर्मपुर गांव के खेतों में उस समय हुई जब तेंदुआ झाड़ियों से निकलकर लोगों पर टूट पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुआ झाड़ियों में छिपा हुआ था और जब कुछ राहगीरों ने उसकी आवाज सुनी तो वे घबराकर भागने लगे। तभी तेंदुए ने एक-एक करके ग्रामीणों पर हमला कर दिया। घटना के बाद गांव के लोग डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और तेंदुए को घायल करते हुए भगाया। बाद में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को घायल अवस्था में पास के जंगल से पकड़ लिया।

वन विभाग के डीएफओ सुशील राणा ने बताया कि तेंदुए को उपचार के लिए पुनर्वास केंद्र बौल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि सर्दियों के मौसम में जंगली जानवर अक्सर शिकार की तलाश में मैदानी इलाकों की ओर आ जाते हैं, जिससे इंसानों और वन्यजीवों के बीच संघर्ष की घटनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि तेंदुआ या अन्य जंगली जानवर दिखने पर विभाग को तुरंत सूचित करें और खुद उनसे भिड़ने की कोशिश न करें।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग दीपावली के दिन तक अपने मवेशियों को बाड़ों में बंद रखे रहे और बच्चों को बाहर नहीं निकलने दिया। वहीं भाजपा नेता राम कुमार ने अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल लिया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पीड़ितों को हरसंभव मदद दी जाए।