Follow Us:

हिमाचल में भाई दूज पर महिलाओं के लिए बसों में फ्री यात्रा की सौगात

भाई दूज पर एचआरटीसी बसों में महिलाओं के लिए फ्री यात्रा की सुविधा
सुबह 6 से शाम 6 बजे तक निशुल्क सफर कर सकेंगी महिलाएं
23 अक्टूबर को मनाया जाएगा भाई दूज, बाजारों में तैयारियों का जोश



हिमाचल प्रदेश में भाई दूज के पर्व पर महिलाओं के लिए एक बार फिर सरकार ने विशेष सौगात दी है। इस शुभ अवसर पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने महिलाओं को फ्री यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की है। यह योजना 23 अक्टूबर, वीरवार को पूरे राज्य में लागू रहेगी। निगम प्रबंधन के अनुसार सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक महिलाएं एचआरटीसी की सभी बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।

भाई दूज का पर्व बहन-भाई के अटूट स्नेह का प्रतीक माना जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना करती हैं। राज्य सरकार ने इस परंपरा और त्योहार की भावना को ध्यान में रखते हुए महिलाओं को यह विशेष सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है ताकि वे अपने भाइयों के पास बिना किसी खर्च के पहुंच सकें।

दूसरी ओर, राज्य सरकार ने सरकारी नौकरी करने वाली महिलाओं को भी आज के दिन अवकाश देने का आदेश जारी किया है। इससे महिलाएं अपने परिवार के साथ पर्व को धूमधाम से मना सकेंगी।

इस वर्ष भाई दूज का पर्व 23 अक्तूबर, वीरवार को मनाया जा रहा है। बाजारों में रौनक देखते ही बन रही है। भाई-बहन एक-दूसरे के लिए उपहार, कपड़े और मिठाइयों की खरीदारी में व्यस्त हैं। पूजा सामग्री जैसे आटे का दीपक, रोली, केसर, बिना टूटे चावल, नारियल, फल, सात पान और चंदन की बिक्री भी जोरों पर है।

पंचांग के अनुसार, भाई दूज की द्वितीया तिथि 22 अक्तूबर को रात 8:16 बजे से शुरू होकर 23 अक्तूबर को रात 10:46 बजे समाप्त होगी। पूजा के लिए अभिजीत मुहूर्त को सबसे शुभ माना गया है, जो सुबह 11:43 से 12:28 बजे तक और दूसरा मुहूर्त दोपहर 1:29 से 2:53 बजे तक रहेगा।