➤ 800 पुलिस कांस्टेबल भर्ती जल्द, सीएम सुक्खू का ऐलान
➤ केंद्र पर मदद रोकने का आरोप, भाजपा पर पलटवार
➤ आपदा प्रभावितों को नवंबर की शुरुआत में आर्थिक सहायता
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि प्रदेश में जल्द ही 800 पुलिस कांस्टेबल की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पारदर्शिता के साथ भर्तियां कर रही है, जबकि पूर्व सरकार के समय पुलिस भर्ती के पेपर लीक होते थे।
उन्होंने बताया कि अग्निवीर योजना के कारण जिन युवाओं के रोजगार पर असर पड़ा है, उन्हें नई अवसर प्रदान करने के लिए यह भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवंबर के पहले सप्ताह में आपदा प्रभावितों को आर्थिक सहायता का आवंटन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजास्टर एक्ट के चलते ही पंचायत चुनाव टाले गए हैं और हालात सामान्य होने पर ही चुनाव होंगे।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें चुनावों की चिंता छोड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद को लेकर गंभीरता दिखानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि भाजपा के विधायक और सांसद सहयोग करने को तैयार हों तो वे स्वयं उनके साथ दिल्ली जाने को तैयार हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने कार्यकाल में 1000 करोड़ रुपये खर्च कर ऐसे भवन बनाए जो आज खाली पड़े हैं। इसके अलावा 600 स्कूल बिना स्टाफ के चुनावों से पहले खोल दिए गए, जिसका नतीजा यह हुआ कि शिक्षा रैंकिंग नीचे गिरकर 21वें स्थान पर पहुँच गई।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में सुधार करते हुए प्रदेश को पाँचवें स्थान पर पहुंचाया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा केंद्र की सहायता रोककर हिमाचल के हित के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार ने औद्योगिक प्लॉट आवंटन में गड़बड़ी की और कस्टमाइज्ड पैकेज के नाम पर संसाधनों की लूट की।
भाजपा विधायक सुधीर की एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि वे इस विषय पर अधिक चर्चा नहीं करना चाहते।



