➤ हिमाचल में तापमान गिरा, कई जगह 10 डिग्री से नीचे
➤ केलांग में पारा माइनस व कुकुमसेरी में शून्य डिग्री
➤ 4 नवंबर तक साफ मौसम लेकिन ठंड और बढ़ेगी
हिमाचल प्रदेश में ठंडक लगातार बढ़ रही है। बीते कुछ दिनों में कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। सुबह और शाम के समय लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास होने लगा है। राज्य के 10 स्थानों पर मंगलवार रात पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। केलांग में न्यूनतम तापमान -0.2 और कुकुमसेरी में 0.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा अधिकतम तापमान में भी कमी देखने को मिली है। राजधानी शिमला में धूप खिली रही, लेकिन हवा में सर्दी साफ महसूस की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 4 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि आने वाले 3-4 दिनों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट दर्ज की जा सकती है। सोमवार रात सुंदरनगर में मध्यम और मंडी में हल्का कोहरा भी देखने को मिला।
वैज्ञानिक संदीप कुमार ने बताया कि प्रदेश में उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ने लगा है, जो कि सर्दी के आगमन का संकेत है। आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर और हमीरपुर में भी सुबह और शाम के समय ठंड का असर और तेज होगा।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला 9.4°, सुंदरनगर 11.5°, भुंतर 9.1°, कल्पा 3.8°, धर्मशाला 13.8°, ऊना 11.5°, केलांग -0.2°, पालमपुर 9.5°, सोलन 10.0°, मनाली 5.4°, कांगड़ा 12.6°, कुकुमसेरी 0.2° आदि।
अधिकतम तापमान
ऊना 30.7°, बिलासपुर 28.7°, धर्मशाला 27.1°, कांगड़ा 27.0°, शिमला 19.8°, मनाली 18.7° दर्ज किया गया।
प्रदेश में मौसम के इस बदलाव के चलते आम लोगों को मार्केट, सफर और रोजमर्रा के कामों के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही जल्द ही ठंड का प्रभाव और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।



