Follow Us:

सोलन में बच्चों की बस की ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से बची 50 जानें

सोलन में मोहन हेरिटेज पार्क जा रही स्कूल बस की ब्रेक फेल हुई
चालक की सूझबूझ से मिट्टी के ढेर पर चढ़ाकर बचाई 50 लोगों की जान
हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं, पुलिस जांच में जुटी


हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अंबाला के निजी स्कूल की बस में सवार बच्चे और स्टाफ अश्वनी खड्ड स्थित मोहन हेरिटेज पार्क की सैर पर जा रहे थे, तभी रास्ते में बस की ब्रेक अचानक फेल हो गई। बस में उस समय कुल 50 लोग सवार थे, जिनमें बच्चे, अध्यापक और ड्राइवर शामिल थे।

जैसे ही बस हरठ गांव के पास पहुंची, चालक ने महसूस किया कि ब्रेक काम नहीं कर रहे। उसने बेमिसाल साहस और सूझबूझ दिखाते हुए बस को मिट्टी के ढेर पर चढ़ा दिया, जिससे वाहन वहीं रुक गया। इस कदम ने सभी सवारों की जान बचा ली

गनीमत रही कि हादसे में किसी को भी गंभीर चोटें नहीं आईं। बस के कुछ हिस्से को मामूली नुकसान पहुंचा, लेकिन बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित निकाल लिया गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद पहुंचाई और बच्चों को दूसरी बस से सुरक्षित वापस भेजा गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बस की ब्रेक पाइप फटने से यह तकनीकी खराबी हुई थी।

स्थानीय प्रशासन ने चालक के तत्काल निर्णय और साहसिक कदम की सराहना की है। यदि बस मिट्टी के ढेर से न टकराई जाती, तो वह गहरी खाई में गिर सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।