Follow Us:

हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम, दो दिन बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत, दो दिन बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान
3 नवंबर की रात से बदल सकता है मौसम का मिजाज, 4 और 5 को वर्षा-बर्फबारी के आसार
कुकुमसेरी माइनस तापमान में, ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड ने बढ़ाई सिहरन


हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से एक बार फिर मौसम के बिगड़ने के आसार हैं। राज्य के कई इलाकों में अगले दो दिन बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 3 नवंबर की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 4 और 5 नवंबर को प्रदेश के ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की वर्षा और बर्फबारी हो सकती है।

शनिवार को राजधानी शिमला सहित अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रही, लेकिन सुंदरनगर, मंडी और बिलासपुर में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा। वहीं कुकुमसेरी में तापमान माइनस में दर्ज किया गया है, जिससे यह प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बन गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि 1 से 3 नवंबर और फिर 6 से 7 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री और अधिकतम तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की उम्मीद है।

ऊंचाई वाले इलाकों जैसे केलांग, मनाली, नारकंडा और कल्पा में सुबह और शाम के समय ठंड काफी बढ़ गई है। वहीं, मैदानी जिलों ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और कांगड़ा में दिन के तापमान अभी भी 25 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 72 घंटे प्रदेश के मौसम के लिहाज से अहम रहेंगे। अगर पश्चिमी विक्षोभ पूरी तरह सक्रिय हुआ तो ऊंचाई वाले इलाकों में पहली बड़ी बर्फबारी देखने को मिल सकती है।