➤ हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 26 नवंबर से धर्मशाला में शुरू होगा
➤ तपोवन में इस बार होंगी 8 बैठकें, अब तक का सबसे लंबा सत्र
➤ दिसंबर के पर्यटन सीजन को देखते हुए पहले करवाने का निर्णय
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र इस बार नवंबर के आखिरी सप्ताह में धर्मशाला के तपोवन परिसर में आयोजित होगा। विधानसभा सचिवालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। सत्र 26 नवंबर से शुरू होकर 5 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान कुल 8 बैठकें होंगी, जो अब तक के विधानसभा इतिहास का सबसे लंबा शीतकालीन सत्र माना जा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि यह निर्णय दिसंबर माह में धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में शुरू होने वाले पर्यटन सीजन को ध्यान में रखकर लिया गया है। दिसंबर में कई पर्वों और छुट्टियों के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल का रुख करते हैं, जिससे ट्रैफिक जाम और प्रशासनिक दबाव बढ़ जाता है। इसे देखते हुए सत्र को नवंबर में ही आयोजित करने का फैसला लिया गया है।
उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान पूरा सरकारी अमला धर्मशाला में जुट जाता है, जिससे स्थानीय व्यापारियों और आम जनता को असुविधा होती है। इस कारण अबकी बार समय से पहले सत्र करवाना जनहित में उचित कदम माना गया है।
अध्यक्ष पठानिया ने यह भी बताया कि हिमाचल विधानसभा के तीनों सत्रों को मिलाकर वर्षभर में 35 बैठकें होना अनिवार्य हैं। अब तक 27 बैठकें पूरी हो चुकी हैं, और इस शीतकालीन सत्र की 8 बैठकों के साथ यह संख्या 35 पर पूर्ण हो जाएगी।



