Follow Us:

भाजपा ने 2027 चुनाव का बिगुल फूंका, कांग्रेस को घेरने की बनी रणनीति

➤ भाजपा ने बद्दी कार्यशाला में 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति तय की
➤ कांग्रेस की गारंटियों और नीतियों को मुद्दा बनाकर करेगी चुनावी तैयारी
➤ डॉ. राजीव बिंदल बोले – सुक्खू सरकार हर महिला की 54 हजार की कर्जदार


बद्दी (सोलन)। भाजपा ने हिमाचल प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनाव के लिए बिगुल फूंक दिया है। बद्दी में दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में पार्टी ने कांग्रेस को बूथ स्तर पर घेरने की रणनीति बनाई। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की, जिसमें नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और संगठन महामंत्री सिद्धार्थन विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यशाला में नवनियुक्त प्रकोष्ठों के संयोजकों और सदस्यों को प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें बताया गया कि भाजपा किस तरह समाज के हर वर्ग में कार्य कर रही है और आगामी चुनाव तक भाजपा कार्यकर्ता कैसे सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस जनविरोधी पार्टी बन चुकी है, जो एक साल में भी कार्यकारिणी नहीं बना पाई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “ऐसा लगता है कि पूरी पार्टी एडहॉक पर चल रही है।” वहीं, जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ की नीति पर आगे बढ़ रही है। हर बूथ की मजबूती से ही पार्टी चुनाव जीतेगी।

भाजपा ने इस अभियान को ‘उड़ान 2027’ नाम दिया है। प्रदेशभर के पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे लोगों के बीच जाकर भाजपा की नीतियां बताएं और कांग्रेस सरकार की नाकामियों को उजागर करें।
कार्यशाला में सात मोर्चों, 19 प्रकोष्ठों और जिला पदाधिकारियों को आगामी चुनाव की तैयारियों के लिए प्रशिक्षित किया गया। नए लोगों को पार्टी से जोड़ने और पुराने कार्यकर्ताओं की वापसी कराने पर भी बल दिया गया।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने झूठ और फरेब से सत्ता हासिल की, लेकिन जनता को केवल निराशा दी। उन्होंने कहा कि “सुक्खू सरकार हर महिला की 54 हजार रुपये की कर्जदार हो चुकी है। 15 लाख बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने का वादा झूठा साबित हुआ है।” उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने डेढ़ लाख पद समाप्त किए, 2000 से अधिक संस्थान बंद किए और 28 लाख महिलाएं 1500 रुपये माह की प्रतीक्षा कर रही हैं। उन्होंने आपदा प्रबंधन में भाई-भतीजावाद के आरोप लगाए और कहा कि भाजपा इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए पूरी तरह तैयार है।

भाजपा प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि कांग्रेस नकारात्मक सोशल मीडिया अभियान चलाकर जनता को भ्रमित कर रही है। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस सिर्फ झूठे पेज बनाकर प्रचार कर रही है, जबकि मोदी सरकार ने DBT के जरिए पारदर्शिता स्थापित की है। अब केंद्र से भेजा गया हर रुपया सीधे जनता तक पहुंच रहा है।” टंडन ने कहा कि 2027 में जनता कांग्रेस को पूरी तरह नकार देगी।