➤ रामपुर के वजीर बावड़ी पुल पर रील बनाते समय हादसा, नदी में गिरी लड़की
➤ तीन युवाओं ने बिना देर किए सतलुज में कूदकर बचाई जान
➤ लड़की पूरी तरह स्वस्थ, पुलिस ने बयान दर्ज कर घर भेजा
शिमला। हिमाचल प्रदेश के रामपुर उपमंडल में एक खतरनाक हादसे से बड़ा अनहोनी टल गई। वजीर बावड़ी पुल पर रील बनाते समय एक लड़की सतलुज नदी में गिर गई। मौके पर मौजूद तीन युवाओं ने जान जोखिम में डालकर नदी में छलांग लगाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
यह घटना शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। पुलिस को दिए बयान के अनुसार, निरमंड क्षेत्र की एक युवती अपनी एक मित्र के साथ सोशल मीडिया के लिए रील बना रही थी। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह पुल से नीचे सतलुज नदी में जा गिरी।
पास में मौजूद तीन युवा, जो घटना को देख रहे थे, बिना किसी देरी के सतलुज की तेज धारा में कूद पड़े। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद लड़की को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से लड़की को रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि लड़की पूरी तरह स्वस्थ है।
घटना की सूचना मिलते ही ब्रौ थाना पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने लड़की के बयान दर्ज किए और उसे उसके परिजनों के साथ घर भेज दिया।
जांच अधिकारी नेत्र सिंह ठाकुर ने बताया कि लड़की ने रील बनाते समय नदी में गिरने की बात कही है। पुलिस ने मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है क्योंकि यह दुर्घटनावश हुआ हादसा था।
यह घटना एक बार फिर सोशल मीडिया के लिए जोखिम उठाने के खतरों की ओर ध्यान दिलाती है।



