➤ हिमाचल में बढ़ी सर्दी, ताबो का पारा माइनस 7.4 डिग्री पहुंचा
➤ शिमला से ठंडी हो रहीं मैदानी रातें, नाहन-हमीरपुर-बिलासपुर में सबसे ज्यादा गिरावट
➤ अगले 6 दिन रहेगा साफ मौसम, लेकिन रातें होंगी बेहद ठंडी
शिमला। हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की सर्दी ने दस्तक दे दी है। बारिश और बर्फबारी से पहले ही लाहौल स्पीति, किन्नौर और ऊंचे क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। लाहौल स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 7.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है।
कुकुमसैरी में माइनस 3.1, केलांग में माइनस 3.3 और कल्पा में माइनस 0.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ है। प्रदेश के चार शहरों में पारा माइनस, 14 शहरों में 5 डिग्री से नीचे, और 26 जगहों पर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क चुका है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस बार हिमाचल का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री नीचे चला गया है। नाहन, हमीरपुर और बिलासपुर में 4 डिग्री या उससे अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक बना हुआ है।
शिमला से ठंडी मैदानी रातें
हैरानी की बात यह है कि शिमला से ज्यादा ठंड अब मैदानी इलाकों में पड़ रही है। बुधवार रात को शिमला का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री रहा, जबकि सोलन का 2.6, मनाली 2.5, सुंदरनगर 4.5, भुंतर 3.5, बजौरा 4.6, हमीरपुर 5.6, मंडी 6.3, कांगड़ा 6.5 और ऊना 8.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मंडी-बिलासपुर में कोहरे की चादर
मंडी जिले की बल्ह घाटी, सुंदरनगर और बिलासपुर में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। इससे विजिबिलिटी केवल 100 मीटर तक रह गई और यातायात प्रभावित हुआ।
अगले 6 दिन साफ मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग शिमला के अनुसार, हिमाचल में अगले 6 दिन तक मौसम साफ रहेगा। दिन में धूप खिलेगी, लेकिन रात का तापमान और गिरेगा।
पोस्ट मानसून सीजन में 116% ज्यादा बारिश
1 अक्टूबर से 11 नवंबर के बीच सामान्यतः 32.2 मिलीमीटर वर्षा होती है, लेकिन इस बार 69.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यानी 116% अधिक वर्षा हुई है।



