➤ हिमाचल के 11 जिलों का न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे, शिमला 10.2°C पर
➤ ऊना 7.5°C, सोलन 4°C, मंडी 6.8°C; केलांग -1°C समेत कई स्थान माइनस में
➤ अगले 6 दिन पहाड़ों में साफ मौसम, मंडी–बिलासपुर में सुबह कोहरे का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। शिमला प्रदेश का इकलौता जिला है जहां न्यूनतम तापमान 10°C से अधिक रिकॉर्ड किया गया है। बाकी सभी 11 जिलों में रात का पारा 10°C से नीचे पहुंच चुका है। इससे पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में भी ठिठुरन बढ़ गई है। शिमला का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6°C ऊपर जाकर 10.2°C मापा गया है।
प्रदेश के सबसे गर्म माने जाने वाले ऊना का पारा भी 7.5°C तक गिर गया है। सोलन 4°C, मंडी 6.8°C पर दर्ज किया गया। लाहौल–स्पीति के मुख्यालय केलांग में तापमान -1.0°C रहा, जबकि कुकुमसैरी -4.9°C, समदो -0.2°C, और ताबो -5.0°C तक पहुंच गया। कुल 27 शहरों का तापमान 10°C से नीचे रिकॉर्ड किया गया है।
रात के तापमान में गिरावट के बावजूद दिन में धूप खिलने से मैक्सिमम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1.1°C का उछाल आया है। केलांग का अधिकतम तापमान सामान्य से 9.5°C ऊपर जाकर 14.5°C हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 6 दिन पहाड़ों में मौसम साफ रहेगा। इस अवधि में बरसात या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। ऊंचाई वाले इलाकों में रातें सामान्य से ठंडी और दिन हल्के गर्म बने रहेंगे।
उधर, मंडी की बल्ह घाटी और बिलासपुर के भाखड़ा बांध क्षेत्र में आज सुबह 10 बजे तक घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी हुआ है, जहां विजिबिलिटी 200 मीटर तक कम रहेगी।



