➤ शीतकालीन सत्र का चौथा दिन आज दोपहर 2 बजे से शुरू होगा
➤ प्रश्नकाल के बाद एक स्वीकृत व दो नए संशोधन विधेयक सदन में पेश होंगे
➤ तबादला नीति, जांचों और फंड वितरण पर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन की कार्यवाही सोमवार को दोपहर 2 बजे शुरू होगी। दो से तीन बजे तक प्रश्नकाल चलेगा। इसके बाद सदन में एक स्वीकृत विधेयक और दो नए संशोधन विधेयक पटल पर रखे जाएंगे। आठ दिन का यह सत्र 26 नवंबर से 5 दिसंबर तक निर्धारित है। शनिवार और रविवार के अवकाश के बाद शुरू हो रही बैठक के हंगामेदार रहने के आसार हैं। दोनों दल अपनी रणनीति सत्र शुरू होने से पहले तय करेंगे।
प्रश्नकाल में यदि विपक्ष ने किसी अन्य मुद्दे पर हंगामा किया तो सदन में गतिरोध की स्थिति बन सकती है। यदि प्रश्नकाल सुचारू रूप से चलता है, तब भी कई विषयों पर विपक्ष सत्ता पक्ष को कड़े सवालों से घेरने की योजना में है।
सोमवार को सदन में हिमाचल प्रदेश कर्मचारियों की भर्ती एवं सेवा की शर्तें संशोधन विधेयक 2025 और भू संपदा विनियमन एवं विकास हिमाचल प्रदेश संशोधन विधेयक 2025 पेश किए जाएंगे। पहला विधेयक मुख्यमंत्री सुक्खू, जबकि दूसरा नगर एवं ग्राम योजना मंत्री राजेश धर्माणी सदन में रखेंगे। इन्हें आगामी दिनों में पारित किया जाएगा। इसके साथ ही राज्यपाल की मंजूरी से कानून बने हिमाचल प्रदेश लोक परीक्षा विधेयक 2025 को भी सदन के पटल पर रखा जाएगा।
उधर, प्रश्नकाल में विपक्ष तबादला नीति, विभिन्न मामलों की जांचों, पंचायतों को जारी फंड, स्वास्थ्य, शिक्षा और रिक्तियों जैसे विषयों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार पंचायतों को जारी फंड पर पहला सवाल उठाएंगे, जिस पर दोनों दलों के बीच नोकझोंक की संभावना है। पंचायत चुनाव देरी से करवाने के मुद्दे पर विपक्ष पहले ही सदन में आवाज उठा चुका है।



