Follow Us:

कुल्लू में बिजली महादेव मंदिर के कपाट तीन महीने के लिए बंद

➤ कुल्लू के प्रसिद्ध बिजली महादेव मंदिर के कपाट तीन महीने के लिए बंद
➤ 15 मार्च 2026 को खुलेंगे कपाट, इस दौरान पूजा-पाठ भी स्थगित
➤ महाशिवरात्रि पर 2 दिन विशेष रूप से दर्शन का मिलेगा अवसर


कुल्लू जिला स्थित विश्वप्रसिद्ध बिजली महादेव मंदिर के कपाट देव परंपरा के तहत आगामी तीन महीनों के लिए बंद कर दिए गए हैं। मंदिर प्रशासन के अनुसार, अब कपाट 15 मार्च 2026 को पुनः खोले जाएंगे। इस अवधि में मंदिर परिसर में पूजा-पाठ भी नहीं होगा और श्रद्धालुओं का प्रवेश पूरी तरह निषेध रहेगा।

मंदिर में देवता के शीतकालीन प्रवास के चलते यह परंपरा निभाई जाती है, जो सदियों से चली आ रही है। हर वर्ष सर्दियों के मौसम में कठिन परिस्थितियों और देव नियमों के पालन को देखते हुए कपाट बंद किए जाते हैं। इसके चलते अब देश-विदेश से कुल्लू-मनाली आने वाले पर्यटक भी अगले तीन महीने तक बिजली महादेव के दर्शन नहीं कर सकेंगे।

हालांकि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। देवता के करदार विशु ने बताया कि 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि पर दो दिनों के लिए मंदिर के कपाट खोले जाएंगे। 16 फरवरी की शाम को पूजा-अर्चना के बाद कपाट पुनः बंद कर दिए जाएंगे।

बिजली महादेव मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष फतेह सिंह राणा ने बताया कि देव परंपराओं के निर्वहन के लिए मंदिर क्षेत्र में सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे देव नियमों और परंपराओं का सम्मान करें।

उल्लेखनीय है कि बिजली महादेव मंदिर में हर वर्ष हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन परंपरा के अनुसार इस शीतकालीन अवधि में दर्शन संभव नहीं होंगे।